नई दिल्ली (ईएमएस)। सोने और चांदी के भाव में मंगलवार को विपरीत रुख देखने को मिला। जहां एक ओर सोने की चमक बरकरार रही और उसके वायदा भाव में तेजी दर्ज की गई, वहीं चांदी के वायदा भाव गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे। घरेलू मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर खबर लिखे जाने तक सोने का जून कॉन्ट्रैक्ट 1,49,550 रुपये के करीब कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी का जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 2,43,600 रुपये के आसपास बना हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने में तेजी और चांदी में नरमी का माहौल है। सोने के वायदा भाव में तेजी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के बेंचमार्क जून कॉन्ट्रैक्ट ने तेजी के साथ कारोबार शुरू किया। यह 410 रुपये की बढ़त के साथ 1,49,749 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,49,339 रुपये था। खबर लिखे जाने तक यह कॉन्ट्रैक्ट 216 रुपये की तेजी के साथ 1,49,555 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। दिन के कारोबार में इसने 1,49,950 रुपये का उच्चतम और 1,49,472 रुपये का निचला स्तर छुआ। चांदी के वायदा भाव में गिरावट वहीं चांदी के वायदा भाव में मंगलवार को सुस्त शुरुआत देखने को मिली। एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 469 रुपये की गिरावट के साथ 2,43,426 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। पिछला बंद भाव 2,43,895 रुपये था। वर्तमान में यह कॉन्ट्रैक्ट 295 रुपये की गिरावट के साथ 2,43,600 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान इसने 2,43,760 रुपये का उच्च और 2,43,263 रुपये का निचला स्तर देखा। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोने के भाव में तेजी जारी रही और यह 17.40 डॉलर की बढ़त के साथ 4,550.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। सोने ने आज 4,534 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार की शुरुआत की थी। वहीं चांदी के वायदा भाव 0.31 डॉलर की मामूली गिरावट के साथ 73.21 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर देखे गए। कॉमेक्स पर चांदी ने 73.17 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार शुरू किया था। सतीश मोरे/05मई ---