व्यापार
05-May-2026


- केंद्रीय बैंक ने कुल 21,150 आवेदनों पर की कार्रवाई, बैंकर टू बैंक्स और मुद्रा प्रबंधन में सर्वाधिक मामले दर्ज नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने घोषणा की कि उसने अप्रैल माह में अपने सिटिजन चार्टर के तहत मिले आवेदनों के निपटान में उच्च दक्षता का प्रदर्शन किया है। जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 99.7 प्रतिशत आवेदनों का निपटान निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक किया गया, जो उसकी सेवा वितरण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आरबीआई द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अप्रैल के दौरान कुल 21,150 आवेदनों पर कार्रवाई की गई। इनमें महीने की शुरुआत से लंबित 3,452 आवेदन और 18,270 नए आवेदन शामिल थे। अतिरिक्त जानकारी के लिए 572 मामलों को आवेदकों को वापस भेजा गया, जिसके बाद प्रसंस्करण के लिए शुद्ध आवेदन संख्या 21,150 रही। इनमें से 18,677 आवेदनों का निपटान अप्रैल माह में किया गया। उल्लेखनीय है कि इन निपटारों में से 18,622 मामले (99.7 प्रतिशत) निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे हुए, जबकि केवल 55 मामले (0.3 प्रतिशत) समयसीमा से बाहर निपटाए गए। महीने के अंत में 2,473 आवेदन लंबित रहे, जिनमें से 2,458 मामले (99.4 प्रतिशत) अभी भी समयसीमा के भीतर थे। केंद्रीय बैंक ने बताया कि समयसीमा से आगे निकले 15 मामले बाहरी एजेंसियों से जानकारी मिलने की प्रतीक्षा में थे। कार्यवार आंकड़ों के मुताबिक बैंकर टू बैंक्स एंड गवर्नमेंट्स और मुद्रा प्रबंधन श्रेणियों में सबसे अधिक आवेदन आए। बैंकर टू बैंक्स एंड गवर्नमेंट्स श्रेणी के तहत सभी 8,384 आवेदन समयसीमा के भीतर निपटाए गए, जो इस क्षेत्र में केंद्रीय बैंक की कार्यकुशलता को दर्शाता है। वहीं मुद्रा प्रबंधन श्रेणी में 7,542 आवेदन समय पर जबकि 25 देरी से निपटाए गए। सतीश मोरे/05मई ---