क्षेत्रीय
05-May-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के मृगवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाकन्या में बुजुर्ग दंपत्ति के साथ हुई सनसनीखेज डकैती की वारदात का गुना पुलिस ने खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, जेवरात के साथ एक 12 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकारवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 13/04/2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम बाकन्या में अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति के घर में घुसकर डकैती की है। फरियादी वंकटदास बैरागी (65) ने बताया था कि 12/04/2026 की रात करीब 2 बजे 4-5 बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे, दोनों को बांधकर मारपीट की और करीब 1 लाख रुपए नगद व सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर व एसडीओपी मनोज कुमार झा के मार्गदर्शन में टीम ने करीब 100 लोगों से पूछताछ की और आसपास के लगभग 10 हजार मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान एक संदिग्ध नंबर के आधार पर रामधन कंजर (26) निवासी बिरयाई को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में साथी मनोहर कंजर के साथ वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर करीब 15,000 रुपए नगद, सोने-चांदी के जेवर, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ताला तोड़ने के औजार तथा एक देशी कट्टा व कारतूस बरामद किए हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में मृगवास थाना सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। - सीताराम नाटानी