फिल्मों और टीवी में थे सक्रिय, दोस्तों और फैंस उन्हें दे रहे श्रद्धांजलि मुंबई,(ईएमएस)। मलयालम फिल्म और टेलीविजन जगत के लोकप्रिय अभिनेता संतोष के नायर की केरल के अदूर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वहीं इस घटना में उनकी पत्नी राजलक्ष्मी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे अदूर एनाथ के पास एमसी रोड पर पुदुस्सेरी इलाके में हुई। संतोष नायर अपनी पत्नी राजलक्ष्मी के साथ इनोवा कार में यात्रा कर रहे थे। अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद लोगों की मदद से संतोष को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे के समय कार में मौजूद उनकी पत्नी राजलक्ष्मी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। वहीं ट्रक चालक जिसकी पहचान सुधीश के रूप में हुई है, उसे भी चोटें आई हैं। संतोष के निधन की खबर सामने आते ही मलयालम फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। अभिनेता लंबे समय से फिल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों में सक्रिय थे और दर्शकों के बीच एक जाना-पहचाना चेहरा थे। उन्होंने अपने करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। बताया जा रहा है कि उनकी आखिरी फिल्म मोहिनीअट्टम थी, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा था। फिल्मों के अलावा उन्होंने कई लोकप्रिय टीवी सीरियलों में भी काम किया और अपनी दमदार अदाकारी से अलग पहचान बनाई। अचानक हुए इस हादसे से उनके परिवार, दोस्त और प्रशंसक गहरे सदमे में है। सोशल मीडिया पर भी फैंस और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सिराज/ईएमएस 05मई26