05-May-2026
...


-महुआ मोइत्रा ने यह कहते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की करारी हार के बाद पार्टी की वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है, कि जनता का निर्णय सर्वोपरि है, लेकिन लोकतंत्र और संविधान को बचाने निरंकुश बहुसंख्यकवाद के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि यदि राज्य की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को चुना है, तो यह जनादेश स्वीकार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने असमान परिस्थितियों में भी मजबूती से चुनाव लड़ा और उन्हें अपनी पार्टी पर गर्व है। महुआ मोइत्रा ने आगे कहा कि उनका संघर्ष एक ऐसे भारत के लिए जारी रहेगा, जहां संविधान सर्वोच्च हो और निरंकुश बहुसंख्यकवाद के लिए कोई स्थान न हो। उन्होंने कहा, हम एक धर्मनिरपेक्ष देश के लिए खड़े रहेंगे और लड़ते रहेंगे। जय हिंद। उनका यह बयान ऐसे समय में आया जबकि चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने 206 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि टीएमसी केवल 81 सीटों तक सिमट गई। इस परिणाम के साथ राज्य में पिछले 15 वर्षों से जारी टीएमसी शासन समाप्त हो गया है। हिदायत/ईएमएस 05मई26