05-May-2026
...


-ऐतिहासिक जीत पर जनता और कार्यकर्ताओं का आभार जताया -बंगाल के विकास का दिया भरोसा कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद राजनीतिक माहौल गरम है। भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने इसे हर देशभक्त और राष्ट्रवादी की जीत बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश केवल एक पार्टी की सफलता नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की जीत है, जिन्होंने राष्ट्रहित और विकास के एजेंडे पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा दिखाया है और यह परिणाम राज्य को विकास, सुरक्षा और समृद्धि की दिशा में आगे ले जाने वाला है। भाजपा नेता ने कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी अथक कोशिशों के कारण पार्टी को यह अभूतपूर्व सफलता मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम करते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देगी। सीएम ममता के विरुद्ध अपनी जीत से प्रफुल्लित सुवेंदु अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया में योगदान देने वाले सभी संस्थानों, जैसे- चुनाव आयोग, सरकारी कर्मचारी, केंद्रीय सुरक्षा बल और पुलिस का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि इनकी भूमिका से चुनाव शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। हिदायत/ईएमएस 05मई26