क्षेत्रीय
05-May-2026
...


- निजी विद्यालयों की बैठक में निर्देश जबलपुर (ईएमएस)। जिला शिक्षा अधिकारी, जबलपुर घनश्याम सोनी के निर्देशन में आज संस्कृति थियेटर, कल्चरल स्ट्रीट, भंवरताल, जबलपुर में सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध निजी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रबंधकों की एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विद्यालयों में स्वच्छता, गुणवत्ता शिक्षा, छात्रहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा संसाधनों के सुव्यवस्थित प्रबंधन को सुनिश्चित करना रहा। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए स्पष्ट एवं आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं एवं कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से विद्यालयों को स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत परिसर की स्वच्छता बनाए रखने, नामांकन वृद्धि हेतु सक्रिय प्रयास करने, पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को अनिवार्य रूप से लागू करने तथा पानी की टंकियों की नियमित सफाई को डब्ल्यूओडब्ल्यू ऐप के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने निर्देशित किया कि सभी विद्यालय उक्त बिंदुओं पर समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में आयोजित बैठकों में संबंधित प्राचार्य की व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य होगी एवं किसी भी प्रकार का प्रतिनिधित्व स्वीकार्य नहीं होगा। बैठक के दौरान जिला परियोजना समन्वयक योगेश शर्मा, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा, बीआरसी राजेंद्र उपाध्याय, बीआरसी आशीष श्रीवास्तव, बीएसी अजय रजक, आलोक शर्मा, प्राचार्य प्रकाश पालीवाल, जी.पी. झारिया, प्रवीण झरिया सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं प्राचार्य उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 05 मई 2026/ 07.02