क्षेत्रीय
05-May-2026
...


डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नाले-नालियों की सफाई, फॉगिंग, जन जागरूकता एवं विशेष अभियानों से शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के प्रयास तेज कटनी (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर भर में व्यापक गतिविधियां संचालित की जा रहीं हैं।निगम प्रशासन द्वारा नगर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं परिणाम मुखी बनाने हेतु प्रतिदिन प्रातः कालीन एवं रात्रिकालीन दो शिफ्टों में विशेष सफाई कार्य किए जा रहे हैं। प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों, आवासीय मोहल्लों तथा सभी वार्डों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार नियुक्त नोडल अधिकारियों द्वारा मंगलवार प्रातः भी अपने-अपने वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग की जाकर प्राप्त कमियों को तत्काल दूर कर मैदानी अमले को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान सुलभ एवं सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, रख-रखाव एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इन स्थलों में चला विशेष अभियान सुचारू सफाई व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए मंगलवार प्रातः जिला चिकित्सालय पहुंच मार्ग, सुभाष चौक, स्टेशन रोड मुख्य मार्ग, गोल बाजार, झंडा बाजार, घंटाघर मार्ग, जुलूस मार्ग, मिशन चौक से जगन्नाथ चौक, नई बस्ती, बरगवां मुख्य मार्ग, हाउसिंग बोर्ड, माधव नगर , तिलक कालेज मार्ग, खिरहनी फाटक के नीचे, सहित मुख्य मार्गो के डिवाइडरों की सफाई का कार्य कराया गया। बरसात पूर्व तैयारियों एवं जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु नगर के विभिन्न क्षेत्रों से जल निकासी की सुविधा के मद्देनजर मिशन चौक सागर पुलिया, सुब्बाराव गली, जैन कॉलोनी, सरस्वती स्कूल के पीछे सहित नगर के अन्य स्थानों में नाले एवं नालियों की विशेष सफाई की जाकर जमे हुए मलबे एवं अपशिष्ट को हटाकर जलभराव की संभावनाओं को कम करने के प्रयास किए गए। वहीं मच्छरों एवं संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से फॉगिंग एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है, जिससे नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। डोर टू डोर संग्रहण नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है। घर-घर पहुंचने वाले कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे का पृथक संग्रहण कराया जा रहा है तथा नागरिकों को स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण हेतु जागरूक किया जा रहा है। बाजार क्षेत्रों एवं व्यावसायिक परिसरों से सायंकालीन शिफ्ट में भी नियमित कचरा उठाव कर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी जा रही है। जनभागीदारी के प्रयास निगम द्वारा शहर को नंबर 1 के पायदान पर पहुंचने के लिए जनभागीदारी पर विशेष प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न वार्डों में स्वच्छता रैंकिंग का कार्य निरंतर जारी है, जिसमें सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं नागरिक सहभागिता जैसे मानकों का मूल्यांकन किया जा रहा है। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा नागरिकों से सकारात्मक फीडबैक भी लिया जा रहा है, ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके। आमजन से अपील की जा रही है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करें तथा फीडबैक देकर अपने शहर को स्वच्छता में अव्वल बनाने में भागीदारी निभाएं। जागरूकता गतिविधियां स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत शहर में व्यापक जन जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। विभिन्न वार्डों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता संदेशों, प्रचार-प्रसार गतिविधियों एवं जनसहभागिता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों को “मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी” की भावना के साथ स्वच्छता अभियान में सहभागी बनने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। घुमंतू मवेशियों पर कार्यवाही नगर में स्वच्छता एवं सुगम आवागमन व्यवस्था बनाए रखने हेतु शहर के विभिन्न सार्वजनिक मार्ग में अभियान चलाकर घुमंतू मवेशियों पर कार्यवाही का क्रम निरंतर जारी जिसके तहत हाउसिंग बोर्ड, दुगाडी नाला, विश्राम बाबा गेट, सहित कार्यालय कलेक्ट्रेट के सामने से 15 नग घुमंतू मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्यवाही की गई। जिससे यातायात व्यवस्था एवं स्वच्छता दोनों में सुधार देखने को मिल रहा है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में नगर को उत्कृष्ट स्थान दिलाने हेतु सभी नागरिक सक्रिय सहभागिता निभाएं। कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करें तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें, ताकि स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर कटनी के निर्माण का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों से प्राप्त किया जा सके।