क्षेत्रीय
05-May-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | नगर निगम द्वारा संचालित ट्यूबवेल के संचालन एवं संधारण को लेकर डिजायर कंपनी के प्रतिनिधियों ने एक प्रजेंटेशन देकर बताया कि कंपनी द्वारा शहर के सभी ट्यूबवेल का संचालन एवं संधारण बेहतर तरीके से किया जाकर विद्युत बिल की बचत की जाएगी। जिससे नगर निगम को वर्तमान व्यय में लगभग 10 प्रतिशत का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी द्वारा सीवर ट्रीटमेंट प्लांट द्वारा शोधित जल का पुर्नउपयोग कर उसे आय का साधन बनाया जाएगा। बाल भवन टीएलसी में आयोजित प्रेजेंटेशन के दौरान महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार सहित मेयर इन काउंसिल सदस्य श्री अवधेश कौरव, श्री नाथूराम ठेकेदार, श्रीमती गायत्री सुधीर मंडेलिया, श्रीमती प्रेमलता धर्मेन्द्र जैन, श्रीमती संध्या सोनू कुशवाह, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, अपर आयुक्त श्री टी. प्रतीक राव, श्री प्रदीप तोमर, श्री मुनीष सिंह सिकरवार, कार्यपालन यंत्री पीएचई श्री संजीव गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कंपनी के श्री कैलाश खंडेलवाल द्वारा बताया गया कि उनकी कंपनी द्वारा अभी जोधपुर, अजमेर सहित गुजरात के अनेक शहरों में यह कार्य किया जा रहा हैं इससे जहां नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी वहीं निगम के व्यय में भी कमी होगी। प्रेजेंटेशन के उपरांत महापौर डॉ. सिकरवार ने कहा कि इस प्रोजेक्ट में वास्तविक आय एवं निगम की बचत कितनी होगी, इस हेतु कंपनी पहले निगम के नलकूप एवं अन्य संसाधनों को ऑडिट कर रिपोर्ट तैयार करें। इसके उपरांत इस प्रोजेक्ट पर चर्चा की जाएगी।