क्षेत्रीय
05-May-2026
...


- नागरिकों को जागरूक करते हुए बताई प्रक्रिया, 33 प्रश्नों के अलावा नहीं पूछी जाएगी कोई अन्य जानकारी नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सोमवार को जनगणना 2027 के तहत संचालित मकान सूचीकरण कार्य का फील्ड विजिट कर अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने नगरीय क्षेत्र मालाखेड़ी रोड पर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया तथा मौके पर उपस्थित नागरिकों से चर्चा कर फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को पूरी सावधानी और एकाग्रता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि नागरिकों की जानकारी स्पष्ट एवं सही तरीके से एचएलओ एप पर दर्ज की जाए तथा आवश्यकतानुसार जानकारी को फीड करने से पूर्व क्रॉस चेक अवश्य किया जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने नागरिकों को जागरूक करते हुए बताया कि जनगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की कागजी कार्यवाही नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान पैन कार्ड, क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड जैसी कोई भी संवेदनशील जानकारी नहीं पूछी जाएगी और न ही किसी प्रकार का ओटीपी प्राप्त किया जाएगा। इस दौरान नागरिकों से किसी भी प्रकार के दस्तावेज भी नहीं मांगे जाएंगे उन्होंने बताया कि केवल स्वगणना कर चुके नागरिकों को अपना सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी उपलब्ध कराना होगा। इसके अतिरिक्त प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों के उत्तर देना अनिवार्य होगा। इस चरण में मकान की संरचना, परिवार के सदस्यों की संख्या तथा पेयजल, विद्युत, शौचालय, रसोई गैस, वाहन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नर्मदापुरम श्री जय सोलंकी, जनगणना जिला मास्टर ट्रेनर श्री पंकज दुबे, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी श्री योगेश सोनी, प्रगणक श्रीमती रेखा यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 05 मई 2026