क्षेत्रीय
05-May-2026
...


- जिला दंडाधिकारी द्वारा पूर्व सरपंच माखन कीर को 16मार्च को एक वर्ष के लिए जिलाबदर किए जाने से रिक्त हुआ था सरपंच पद..... नर्मदापुरम (ईएमएस)। जिला मुख्यालय नर्मदापुरम की नजदीकी ग्राम पंचायत डोंगरवाड़ा में नए सरपंच का निर्वाचन सोमवार 4 अप्रैल को पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया है। निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर डोंगरवाड़ा सचिव पूरनलाल वानिया ने बताया कि सोमवार को ग्राम पंचायत डोंगरवाड़ा में स्थानापन्न सरपंच के निर्वाचन के लिए विशेष सम्मेलन का आयोजन जनपद पंचायत नर्मदापुरम से आए निर्वाचन अधिकारी श्री आठनेरे और सुश्री टीनम विश्वकर्मा की उपस्थिति में पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। 17 पंचों की उपस्थिति में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। जिसमें कैलाश दायमा को 10 मत मिले और माया बाई दायमा को 07 वोट मिले। कैलाश दायमा के सरपंच निर्वाचन संबंधी जानकारी जनपद पंचायत को भेज दी गई है। अवगत हो कि डोंगरवाड़ा पंचायत के पूर्व सरपंच माखन कीर (33) वर्ष के आपराधिक रिकार्ड को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर पूर्व कलेक्टर सोनिया मीना द्वारा 16 मार्च को जिलाबदर का आदेश पारित किया था। जिसके बाद से ही ग्राम पंचायत डोंगरवाड़ा में स्थानापन्न सरपंच के निर्वाचन की प्रक्रिया लंबित थी। सरपंच के निर्वाचन प्रक्रिया में डर और दहशत का माहौल निर्मित ना हो और निर्वाचन प्रक्रिया निर्विघ्न रूप से संपन्न हो, जिसके लिए जनपद पंचायत नर्मदापुरम द्वारा पुलिस बल की मांग भी की गई थी। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 05 मई 2026