क्षेत्रीय
05-May-2026
...


भोपाल (ईएमएस) । महापौर श्रीमती मालती राय ने निगम के समस्त जोन अध्यक्षों एवं भोपाल मध्य विधानसभा अंतर्गत आने वाली कालोनियों के रहवासियों के प्रतिनिधियों व भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले जोनों के सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों की पृथक-पृथक बैठक आहूत कर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में भोपाल को देश का सबसे शहर बनाने हेतु स्वच्छता की गतिविधियों में अधिक से अधिक नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कराने व अधिक से अधिक नागरिकों से सकारात्मक सिटीजन फीडबैक देने हेतु प्रेरित करने का आव्हान किया। इस दौरान महापौर परिषद के सदस्य श्री आर.के.सिंह बघेल व जोन अध्यक्षगण तथा निगम अधिकारी मौजूद थे। महापौर श्रीमती मालती राय ने मंगलवार को आईएसबीटी स्थित निगम कार्यालय के सभाकक्ष में जोन अध्यक्षों की बैठक आहूत की और स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में अपने शहर भोपाल को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने हेतु स्वयं भी स्वच्छता की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने एवं अपने जोन के अधीनस्थ क्षेत्रों के रहवासियों/नागरिकों को भी स्वच्छता की गतिविधियों में और अधिक सक्रियता के साथ सहयोग कराने के दृष्टिगत अपने जोन के वार्ड क्षेत्रों में संबंधित वार्डों के पार्षदों के साथ प्रतिदिन 01 घंटा सड़कों, गलियों, नाला-नालियों की साफ-सफाई, शौचालयों की साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं की निरंतर माॅनीटरिंग करने तथा स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत सिटीजन फीडबैक के घटक में अधिक से अधिक नागरिकों से सकारात्मक फीडबैक कराने का आव्हान किया। इसके उपरांत महापौर श्रीमती राय ने भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र के रहवासियों के प्रतिनिधियों मध्य विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले जोनों के सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक आहूत की और सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों से स्वच्छता की गतिविधियों साफ-सफाई, कचरा पृथक्कीकरण, परिवहन व कचरा प्रबंधन के साथ ही नागरिकों से स्वच्छता संवाद एवं सिटीजन फीडबैक के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान महापौर श्रीमती राय ने रहवासी प्रतिनिधियों से भी चर्चा की। महापौर श्रीमती मालती राय ने रहवासी प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें और अधिक से अधिक नागरिकों से सकारात्मक सिटीजन फीडबैक करायें। महापौर श्रीमती राय ने सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वच्छता के निर्धारित मानकों, स्वच्छता की गतिविधियों हेतु तैयार कैलेंडर अनुसार सभी कार्य समयानुसार सुनिश्चित करायें। श्रीमती राय ने निर्देशित किया कि नागरिकों से निरंतर स्वच्छता संवाद करें और उन्हें स्वच्छता बनाये रखने व सिटीजन फीडबैक के संबंध में जानकारी देकर फीडबैक करायें।