क्षेत्रीय
05-May-2026
...


बस स्टैंड परिसर एवं जालपा देवी वार्ड में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान कटनी (ईएमएस) ! आमजन एवं यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा मंगलवार प्रातः बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय एवं आसपास के क्षेत्रों सहित जालपा देवी वार्ड तंबाखू गली में विशेष अभियान चलाकर स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही की गई। अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय, प्रवेश मार्ग एवं अन्य सार्वजनिक आवागमन क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एवं रखे गए ठेला-टपरी एवं अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान अतिक्रमण दल द्वारा बस स्टैंड के सार्वजनिक स्थल एवं यात्री सुविधा क्षेत्रों में अनधिकृत रूप से व्यवसाय संचालित कर रहे 8 ठेला- टपरी संचालकों पर नियमानुसार जब्ती की कार्यवाही करते हुए संबंधितों को भविष्य में यात्री प्रतीक्षालय एवं बस स्टैंड के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई। इसी प्रकार जालपा देवी वार्ड आदर्श कॉलोनी स्थित तंबाखू गली में नाले के ऊपर किये गए अनाधिकृत निर्माण पर भी निगम की टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए निर्माण कार्य को अलग किया जाकर आवागमन को सुचारू बनाने की कार्यवाही की गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण के कारण यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं बाहर से आने वाले यात्रियों को आवागमन एवं प्रतीक्षा के दौरान असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इसी प्रकार जालपा देवी वार्ड आदर्श कॉलोनी की तंबाखू गली में नाली के ऊपर अनाधिकृत निर्माण होने से क्षेत्रीय जनों को आवागमन में परेशानी हो रही थी जिसे दृष्टिगत रखते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने हेतु यह कार्यवाही की गई।