क्षेत्रीय
05-May-2026
...


:: ज़ोन 2, 12 और 21 में जाँची सफाई व्यवस्था, फॉगिंग और दवा छिड़काव में तेजी लाने के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 और मानसून पूर्व तैयारियों को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में मंगलवार सुबह निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शहर के ज़ोन 02, 12 एवं 21 के अंतर्गत आने वाले नदी-नालों की सफाई और आउटफॉल टेपिंग कार्यों का औचक निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व सूचना के मौके पर पहुँचे आयुक्त ने कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था और ड्रेनेज कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा में पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त क्षितिज सिंघल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी-नालों से गाद निकालने (सिल्ट क्लीनिंग) का काम पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि वर्षाकाल में शहर को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि जल निकासी के रास्तों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं रहनी चाहिए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बढ़ते तापमान और संक्रामक बीमारियों के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य एवं मलेरिया विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए शहर के विभिन्न वार्डों में नियमित दवा छिड़काव और फॉगिंग सुनिश्चित की जाए। संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए वार्ड स्तर पर विशेष जागरूकता और सफाई अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। इस औचक निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय ज़ोनल अधिकारी एवं स्वास्थ्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।