क्षेत्रीय
05-May-2026
...


खरगोन (ईएमएस) । खरगोन के राधावल्लभ मार्केट में पिछले तीन माह से लगभग हर वीकेंड पर चोरियां हो रही है। शनिवार-रविवार या रविवार- सोमवार की दरमियानी रात चार से पांच दुकानों के ताले तोड़े जाने के मामले सामने आ रहे है। सीसीटीवी कैमरे में चोरों की करतूत कैद होने के बाद भी चोरों की गिरफ्तारी नही होने या चोरियां नही थमने से व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है। मंगलवार को बड़ी संख्या में दुकानदार एसपी ऑफिस पहुंचे। यहां एसपी के नाम आवेदन देकर चोरों को जल्द गिरफ्तार कर मार्केट को भयमुक्त करने की मांग की है। दुकानदार अमित महाजन एवं संजय गुप्ता ने बताया बार-बार हो रही चोरियों को देखते हुए दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए है। इन कैमरों में कई चोरियां कैद हो चुकी है, फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस द्वारा जांच पड़ताल करते हुए सीसीटीवी के फुटेज हासिल किए, लेकिन इसके उपरांत भी न तो घटना का खुलासा नहीं हुआ न ही चोरियां रुकी। इससे दुकानदारों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। हर शनिवार- रविवार यह डर सताता है कि चोर रात में कही वारदात को अंजाम न दे दे।