क्षेत्रीय
05-May-2026
...


:: प्रमुख मार्गों पर ऑडियो-विजुअल माध्यम से यातायात पुलिस कर रही जागरूक, दिखाई जा रहीं लघु फिल्में :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की सड़कों पर यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए इंदौर पुलिस का यातायात जागरूकता डिजिटल रथ अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में शुरू किया गया यह विशेष रथ शहर के चारों ज़ोन के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर पहुँचकर नागरिकों को सड़क सुरक्षा का महत्व समझा रहा है। आधुनिक संसाधनों से लैस यह रथ राहगीरों के लिए आकर्षण और शिक्षा का केंद्र बना हुआ है। इस डिजिटल रथ की सबसे बड़ी विशेषता इस पर स्थापित आकर्षक हेलमेट की विशाल प्रतिकृति है, जो दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित कर रही है। रथ में लगी बड़ी डिजिटल स्क्रीन और ऑडियो-विजुअल सिस्टम के माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश, जागरूकता गीत और लघु फिल्में प्रसारित की जा रही हैं। इसके माध्यम से नागरिकों को बताया जा रहा है कि एक छोटी सी सावधानी किस तरह बड़े हादसों को टाल सकती है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यह रथ प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों का भ्रमण कर रहा है। डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए यातायात पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि सड़क सुरक्षा का संदेश हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुँचे। रथ के माध्यम से दिखाई जा रही वीडियो क्लिप्स और फ्लेक्स के जरिए रेड लाइट उल्लंघन, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और सीट बेल्ट के महत्व को भी रेखांकित किया जा रहा है। यातायात पुलिस का मानना है कि इस तरह के विजुअल प्रचार-प्रसार से लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आएगा।