क्षेत्रीय
05-May-2026
...


:: पलासिया चौराहे पर 30वें चरण का आयोजन, अब तक 4220 से अधिक वाहन चालकों को मिला सुरक्षा कवच :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में दोपहिया वाहन चालकों को सड़क हादसों से बचाने और सुरक्षा के प्रति सजग करने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित हेलमेट पहनें-सुरक्षित रहें अभियान का मंगलवार को 30वाँ चरण संपन्न हुआ। पलासिया चौराहे पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया। पुलिस की इस मुहिम में जहाँ नियम तोड़ने वालों को कड़ा सबक मिला, वहीं नियमों का पालन करने वालों का उत्साहवर्धन किया गया। अभियान के दौरान पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने ऐसे वाहन चालकों को हेलमेट भेंट किए, जिनके पास लाइसेंस और वाहन के दस्तावेज तो पूर्ण थे, लेकिन वे बिना हेलमेट के सफर कर रहे थे। ऐसे चालकों का पहले नियमानुसार चालान काटा गया और फिर उन्हें जीवन की सुरक्षा के लिए हेलमेट थमाया गया। इसके विपरीत, जो जागरूक नागरिक सड़क पर हेलमेट लगाकर निकले, पुलिस अधिकारियों ने उनकी प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए। पुलिस आयुक्त ने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा अब तक आयोजित 30 कार्यक्रमों के माध्यम से शहर में 4220 से ज्यादा हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य चालानी कार्रवाई से अधिक नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। जनभागीदारी के माध्यम से जरूरतमंद और आर्थिक रूप से अक्षम लोगों को नि:शुल्क हेलमेट उपलब्ध कराने का यह सिलसिला पिछले कई महीनों से निरंतर जारी है। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने राहगीरों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।