क्षेत्रीय
05-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। जिम्मेदारों की अनदेखी और आवारा मवेशियों का बेलगाम आतंक अब लोगों की जान का दुश्मन बन गया है। कालापीपल के ग्राम नांदनी में सुबह ऐसा खौफनाक मंजर लेकर आई, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। अपने घर के पीछे मवेशियों के लिए शांति से चारा तैयार कर रही महिला पर आक्रामक आवारा बैल मौत बनकर टूट पड़ा। बैल ने महिला पर इतना जानलेवा और क्रूर हमला किया कि उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नांदनी निवासी कृषक बलराम विश्वकर्मा की पत्नी अन्नाबाई मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे अपनी दिनचर्या के तहत बैंक ऑफ इंडिया के सामने स्थित अपने घर के पीछे गाय-भैंसों के लिए कुट्टी (चारा) काट रही थीं। तभी वहां बैठा काले रंग का एक आवारा बैल अचानक उग्र हो उठा। इससे पहले कि अन्नाबाई कुछ समझ पातीं या वहां से भाग पातीं, बैल ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। बैल का हमला इतना खूंखार था कि उसने अन्नाबाई को सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। पड़ोस की एक महिला ने जब यह दिल दहला देने वाला दृश्य देखा, तो उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण दौड़ पड़े और डंडों की मदद से भारी मशक्कत के बाद बैल को खदेड़ा। खून से लथपथ और बेहोश अन्नाबाई को फौरन अस्पताल की ओर ले जाया गया, लेकिन इस खौफनाक हमले में उनके शरीर ने रास्ते में ही साथ छोड़ दिया और उनकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 05 मई 2026