क्षेत्रीय
05-May-2026
...


- आंदोलन को लेकर निरीक्षण करते कांग्रेस नेता। शाजापुर (ईएमएस)। प्रदेश सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों और गेहूं खरीदी में अव्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस कल 7 मई को एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी। इस आंदोलन का मुख्य केंद्र उज्जैन जिले की तराना तहसील के अंतर्गत नेशनल हाईवे-52 पर स्थित रोजवास टोल प्लाजा के पास रहेगा। यह स्थान शाजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर है। आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने और आयोजन स्थल का जायजा लेने के लिए मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व शाजापुर-देवास के पूर्व सांसद सज्जन सिंह वर्मा सहित कई नेता मौके पर पहुंचे। कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में किसानों के जुटने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल में बदलाव किया गया है। पहले यह प्रदर्शन टुकराना जोड़ पर प्रस्तावित था, लेकिन वहां जगह की कमी के कारण अब इसे रोजवास टोल प्लाजा पर आयोजित किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस सरकार को मुख्य रूप से गेहूं खरीदी और मुआवजे के मुद्दे पर घेरेगी। पार्टी का स्पष्ट आरोप है कि प्रदेश सरकार की गेहूं खरीदी व्यवस्था पूरी तरह से विफल रही है, जिसका सीधा खामियाजा किसानों को उठाना पड़ रहा है। इसके साथ ही, भूमि अधिग्रहण में किसानों को चार गुना मुआवजे का पुराना प्रावधान लागू न करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि पिछले 10 वर्षों में किसानों के साथ लगातार अन्याय हुआ है और बिजली कंपनियों द्वारा भी उनका भारी उत्पीड़न किया जा रहा है। किसानों की आवाज को पूरे प्रदेश में मजबूती से उठाने के लिए कांग्रेस ने इस आंदोलन को व्यापक बनाने की रणनीति तैयार की है। इसके तहत नेशनल हाईवे-52 पर कई अहम स्थानों पर सांकेतिक चक्काजाम किया जाएगा। इनमें सेंधवा, खलघाट, राऊ, शाजापुर, शिवपुरी, गुना और ग्वालियर जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इस वृहद प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित प्रदेश के अन्य नेता विशेष रूप से शिरकत करेंगे। इस आयोजन में उज्जैन और भोपाल संभाग के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एकत्रित होने की संभावना है। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 05 मई 2026