पांढरवानी गेहूं खरीदी केंद्र में भारी अव्यवस्था उजागर बालाघाट (ईएमएस). जिले के लालबर्रा क्षेत्र अंतर्गत पांढरवानी स्थित सहकारी समिति मर्यादित गेहूं खरीदी केंद्र का विधायक अनुभा मुंजारे ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की गंभीर खामियां सामने आईं। इस दौरान विधायक ने किसानों की समस्याएं सुनते हुए मौके पर ही जिम्मेदारों को सुधार के निर्देश दिए गए। लालबर्रा क्षेत्र के पांढरवानी स्थित गेहूं खरीदी केंद्र में किए गए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाओं का अंबार देखने को मिला। केंद्र पर पहुंचे निरीक्षण दल ने वहां मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना। किसानों ने बताया कि उन्हें समय पर तौल नहीं हो पा रही है और बारदाने की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भंडारण, परिवहन की नहीं है व्यवस्था निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि खरीदी गई हजारों क्विंटल गेहूं की उपज पिछले 15 दिनों से अधिक समय से खुले आसमान के नीचे पड़ी हुई है, जिससे खराब होने का खतरा बना हुआ है। केंद्र में खरीदी कार्य शुरू होने के बावजूद भंडारण और परिवहन की उचित व्यवस्था नहीं होने से हालात और बिगड़ते नजर आए। व्यवस्था में सुधार के निर्देश मौके पर खरीदी केंद्र प्रभारी, समिति सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और किसानों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक मुंजारे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक किसान की उपज का तौल निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही किया जाए और बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।