--विद्यापीठ इंटर कालेज में बच्चों को लू लगने के लक्षण और बचाव की जानकारी देते प्रधानाचार्य हाथरस (ईएमएस)। विद्यापीठ इंटर कॉलेज में हीट वेव (लू) से बचाव एवं राहत को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं को लू के लक्षण और उससे बचाव के उपाय बताए गए।कार्यक्रम के दौरान भारत सिंह ने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि लू लगने के प्रमुख लक्षणों में त्वचा का गर्म, लाल व शुष्क होना, पसीना न आना, सांस और नाड़ी की गति तेज होना, व्यवहार में बदलाव, भ्रम की स्थिति, सिरदर्द, मिचली, थकान, कमजोरी और चक्कर आना शामिल हैं।उन्होंने बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि अधिक मात्रा में पानी और नींबू पानी का सेवन करें। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें। बाहर जाते समय सिर को ढककर रखें और पहले से तरल पदार्थ का सेवन करें। सूती, ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनें जो पसीना सोख सकें। धूप से बचाव के लिए चश्मा, छाता, टोपी और जूते-चप्पल का उपयोग करें।बताया गया कि यदि खुले में कार्य करना हो तो सिर, चेहरा, हाथ और पैरों को गीले कपड़े से ढकें तथा घर में ओआरएस घोल उपलब्ध रखें।कार्यक्रम में संजय कुमार, विनय कुमार, नीरज गुप्ता, अशोक कुमार, महेंद्र प्रकाश सैनी, मुकेश दिवाकर, हनी वशिष्ठ, शिवम कुशवाहा, सतीश कुमार, यश कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 05 मई 2026