:: मुख्यमंत्री डॉ. यादव को वाऊ की टीम भोपाल आकर प्रदान करेगी अवॉर्ड :: इंदौर/उज्जैन (ईएमएस)। मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर और आयोजन कुशलता ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर सफलता का परचम लहराया है। उज्जैन की पावन धरा पर आयोजित विक्रमोत्सव-2026 को प्रतिष्ठित वाऊ (WOW) लाइव अवॉर्ड्स में दो प्रमुख सम्मानों से नवाजा गया है। नई दिल्ली में संपन्न शोज ऑफ इंडिया कॉन्क्लेव-2026 में इस भव्य आयोजन को कल्चरल लाइव इवेंट ऑफ द ईयर श्रेणी में गोल्ड अवॉर्ड और सर्वश्रेष्ठ शासकीय सहभागिता के लिए सिल्वर अवॉर्ड प्राप्त हुआ है। पुरस्कार प्रदान करने वाली संस्था की टीम जल्द ही भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ये ट्राफियां भेंट करेगी। मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी ने बताया कि यह सम्मान प्रदेश की समृद्ध परंपराओं को वैश्विक मानकों पर स्थापित करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरासत से विकास मंत्र के अनुरूप मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में विक्रमोत्सव को एक विशिष्ट ब्रांड के रूप में पहचान मिली है। जूरी पैनल ने देश भर की 300 से अधिक प्रविष्टियों में से विक्रमोत्सव के नवाचार और शासकीय समन्वय को सर्वश्रेष्ठ माना। आयोजन ने जन-जुड़ाव के मामले में भी नया इतिहास रचा है। रिपोर्ट के अनुसार, उत्सव की गूँज 17.72 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुँची। 139 दिनों तक चलने वाला यह दुनिया का सबसे लंबी अवधि का सांस्कृतिक उत्सव बन गया है। वर्तमान में इसका द्वितीय चरण जल गंगा संवर्धन अभियान के रूप में संचालित हो रहा है, जिसमें 4 हजार से अधिक कलाकार अपनी कला के माध्यम से जल संरक्षण और सम्राट विक्रमादित्य के सुशासन का संदेश दे रहे हैं। प्रकाश/05 मई 2026