एसडीएम नीरज शर्मा काे ज्ञापन सौंपते भाकियू के पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता हाथरस (ईएमएस)। भारतीय किसान यूनियन (हरपाल गुट) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों व मजदूरों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राजकुमार कौशिक ने किया।प्रदर्शन के बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने एसडीएम नीरज शर्मा को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसलों, विशेषकर गेहूं, के लिए पांच हजार रुपये प्रति बीघा मुआवजा देने की मांग की।इसके अलावा आलू उत्पादकों को लागत मूल्य न मिलने का मुद्दा उठाते हुए पांच सौ रुपये प्रति कुंतल राहत राशि देने और आलू की सरकारी खरीद एक हजार रुपये प्रति कुंतल की दर से करने की मांग की गई। यूनियन का कहना है कि कागजों में साढ़े छह सौ रुपये प्रति कुंतल का भाव दिखाया जा रहा है, जो वास्तविकता से मेल नहीं खाता।ज्ञापन में स्मार्ट मीटर के निजीकरण का विरोध करते हुए इसे बंद करने की मांग भी शामिल रही। किसानों की फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने, पिछले बीस वर्षों से जर्जर पड़ी सड़कों का पुनर्निर्माण कराने और गरीब वर्ग की पेंशन बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रति माह करने की भी मांग रखी गई।प्रदर्शन के दौरान उमाशंकर कौशिक सहित संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 05 मई 2026