--मुख्य अतिथि सुमंत किशोर सिंह का स्वागत करती विद्यालय टीम हाथरस (ईएमएस)। मोहल्ला ब्राह्मणपुरी, पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर (पेड़ वाले स्कूल) में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गत वर्ष कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाध्यापक डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा ने की, जबकि संचालन विनय चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख हसायन एवं समाजवादी पार्टी नेता सुमंत किशोर सिंह ने कहा कि पुरस्कार वितरण समारोह बच्चों के लिए सम्मान के साथ-साथ प्रेरणा का स्रोत होता है। इससे जहां विजेता छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है, वहीं अन्य बच्चों में भी बेहतर प्रदर्शन की भावना विकसित होती है।भाईचारा सेवा समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरपाल सिंह यादव ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आगे बढ़ने का उत्साह पैदा होता है। अग्निशमन विभाग के उपनिरीक्षक केपी सिंह ने बच्चों को मोबाइल से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान देने और आपात स्थिति में धैर्य रखने की सलाह दी।डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि प्रतिस्पर्धा और मेहनत बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पति बनी सिंह बघेल ने कहा कि पुरस्कार प्रणाली बच्चों में सकारात्मक व्यवहार को प्रोत्साहित करती है और उन्हें भविष्य में सफलता के लिए प्रेरित करती है।प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथियों सहित सभी आगंतुकों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों द्वारा मेधावी छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए।अंत में प्रधानाचार्य ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जहीरूद्दीन पीरजादा, डॉ. शमशाद अहमद, योगेश उपाध्याय, चेतन शर्मा, राजीव चतुर्वेदी, धीरू वर्मा, पंकज पंडा, श्रीकृष्ण दीक्षित, अशोक दीक्षित, राहुल गोला, शरद शर्मा, शिवम दीक्षित, केके शर्मा, विवेक कुमार, प्रमोद कुमार, अनिल उपाध्याय, मनीष शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 05 मई 2026