हाथरस (ईएमएस)। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह शासन की प्राथमिकता से जुड़ा कार्य है, जिसके माध्यम से किसानों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलेगा।जिलाधिकारी ने अपेक्षित प्रगति न मिलने पर नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि छूटे हुए किसानों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर शीघ्र पंजीकरण कराया जाए। ग्राम स्तर पर पंचायत सहायकों, राशन डीलरों और लेखपालों के सहयोग से अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग कर समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 05 मई 2026