हाथरस (ईएमएस)। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने लंबित रिट, आयोग संदर्भ, आरटीआई और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निस्तारण में आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण अवश्य किया जाए, जिससे वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित हो सके। साथ ही, जो प्रकरण संबंधित विभाग से जुड़े न हों, उन्हें तत्काल सक्षम विभाग को भेजा जाए।आरटीआई मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर सटीक जानकारी उपलब्ध कराने और आयोग से संबंधित मामलों में समय से जांच कर गुणवत्तापूर्ण आख्या भेजने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 05 मई 2026