हाथरस (ईएमएस)। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपद के जिला गजेटियर के अद्यतन, संकलन और प्रकाशन को लेकर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अध्यायवार रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि गजेटियर किसी भी जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और भौगोलिक पहचान का महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है। इसे अधिक प्रामाणिक और समृद्ध बनाने के लिए आमजन की सहभागिता आवश्यक है।उन्होंने प्रबुद्ध नागरिकों, इतिहासकारों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों और शोधार्थियों से अपील की कि यदि उनके पास जनपद से जुड़ी कोई ऐतिहासिक जानकारी, दस्तावेज, लोक परंपराएं या सांस्कृतिक विरासत से संबंधित सामग्री हो, तो उसे जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, विकास भवन में उपलब्ध कराएं।जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कर उन्हें गजेटियर में शामिल किया जाएगा, जिससे यह दस्तावेज और अधिक व्यापक एवं उपयोगी बन सके। अधिकारियों को इस कार्य के व्यापक प्रचार-प्रसार और विभिन्न संस्थानों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 05 मई 2026