क्षेत्रीय
06-May-2026
...


जांजगीर (ईएमएस)। जिले के मधईपुर गांव में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक सक्ती जिले का निगरानी बदमाश भी शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी अमृत पटेल, उत्तम पठारे और तुलसी पटेल पल्सर बाइक से गांव पहुंचे थे और सुनियोजित तरीके से संतराम, रविशंकर, रेशमलाल और विजय कुमार के घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों के पास से एक धारदार चाकू भी बरामद हुआ है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि विरोध की स्थिति में वे हमला करने की तैयारी में थे। मुख्य आरोपी अमृत पटेल सक्ती जिले का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी का मामला दर्ज है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर घेराबंदी करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एसपी निवेदिता पाल और एएसपी उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में की गई। बरामद सामान में सोने-चांदी के जेवर, सिक्के, मंगलसूत्र, एलईडी टीवी, मोबाइल फोन, पीतल-कांसे के बर्तन, नगदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक शामिल है। तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। - (ईएमएस) 06 मई 2026