सक्ती (ईएमएस)। जिले के छपोरा गांव में फर्जी एसबीआई बैंक खोलकर नौकरी के नाम पर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंकज टंडन (31) को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके साथियों ने छपोरा में फर्जी बैंक कार्यालय बनाकर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा दिया। बाकायदा इंटरव्यू लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किए गए और प्रत्येक पीड़ित से लगभग 30 हजार रुपये वसूले गए। इस ठगी का खुलासा एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा के जीवराखन कावड़े की शिकायत के बाद हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले अनिल भास्कर, नरेंद्र साहू, हीरा दिवाकर उर्फ कुणाल दिवाकर, टुकेश्वर दास महंत और सुभद्रा महंत समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने आरोपी पंकज टंडन से पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर और अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई तेज कर दी गई है, जबकि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच लगातार जारी है। - (ईएमएस) 06 मई 2026