नई दिल्ली (ईएमएस)। ऑपरेशन सिंदूर की पहली बरसी पर पूर्व भारतीय वायुसेना उप प्रमुख एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी (रिटायर्ड) ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दे दी है। उन्होंने दो टूक कहा कि पाकिस्तान अभी भी नोटिस पर है और अगर कोई भी दुस्साहस करता हैं, तब उसका अंजाम बहुत बुरा होगा। एयर मार्शल तिवारी के अनुसार, इस निर्णायक ऑपरेशन ने भारत-पाकिस्तान समीकरण को पूरी तरह बदल दिया है, जिससे अब पाकिस्तान भारत के खिलाफ किसी भी आतंकी गतिविधि का समर्थन करने से पहले कई बार सोचेगा। एयर मार्शल तिवारी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने इतनी तीव्र और सटीक कार्रवाई की कि वह पाकिस्तान के निर्णय लेने की क्षमता से भी आगे निकल चुका है। भारत की गति, पहुंच और स्पष्ट लक्ष्यों से दुश्मन पूरी तरह हैरान है। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू हुआ था, जिसमें 26 भारतीय मारे गए थे। भारत ने 7 मई की सुबह पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों और सैन्य ठिकानों पर हमला किया। चार दिनों तक चले सैन्य संघर्ष में 10 मई की शाम तक युद्धविराम हुआ। इस कार्रवाई में भारतीय बलों ने पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम 100 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया। भारतीय वायुसेना ने 13 पाकिस्तानी एयरबेस और सैन्य ठिकानों पर भी सटीक हमले किए। पूर्व एयर मार्शल तिवारी ने ऑपरेशन सिंदूर से तीन प्रमुख सबक बताए: भविष्य के युद्धों में वायु शक्ति की निर्णायक भूमिका, भारत के मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम की प्रभावशीलता, और सेना, वायुसेना सहित अन्य बलों के बीच बेहतरीन समन्वय। उन्होंने राफेल फाइटर जेट, एस-400 ट्रायम्फ और ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल जैसे उन्नत हथियारों के इस्तेमाल को गेमचेंजर बताया। यह सैन्य क्षमता 10-15 वर्षों के निरंतर निवेश का परिणाम है। आशीष दुबे / 06 मई 2026