गुवाहाटी (ईएमएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात के बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया, इससे नई सरकार के गठन का मार्ग साफ हो गया। विधानसभा चुनावों में एनडीए की जीत के बाद राज्य में नई सरकार के गठन का औपचारिक मार्ग प्रशस्त कर मुख्यमंत्री सरमा ने राजभवन में राज्यपाल आचार्य से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सरमा के साथ रानोज पेगू और मानव डेका सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि मंत्रिपरिषद का इस्तीफा भी सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने मौजूदा सरकार को नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक प्रशासन के रूप में काम जारी रखने का निर्देश दिया है। अगले मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इस सवाल पर मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि यह फैसला भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है और वे अंतिम निर्णय लेने वाले है। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि 11 मई के बाद नए मंत्रिपरिषद का गठन किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की निश्चितता नहीं है कि शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को होगा या नहीं। आशीष दुबे / 06 मई 2026