राज्य
06-May-2026


- बीते डेढ़ साल में 15 करोड़ रुपये से अधिक की शराब जब्त की गई ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई से सटे ठाणे में राज्य उत्पाद शुल्क (एक्साइज) विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवा निर्मित अवैध शराब का जखीरा जब्त किया है। विभाग ने एक कंटेनर को पकड़कर करीब 1.65 करोड़ रुपये मूल्य की शराब बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार, राज्य उत्पाद शुल्क विभाग के अधिकारी प्रवीण तांबे को मिली गुप्त सूचना के अनुसार गोवा में निर्मित शराब को दूसरे राज्य में ले जाया जा रहा था। जिसके बाद मंगलवार दिनांक 5 मई की शाम करीब 6.15 बजे आर.सी. पाटिल टोल नाका से माजिवाड़ा के बीच संदेह के आधार पर एक कंटेनर को रोका गया। टीम ने ठाणे के आर.सी. पाटिल टोल नाका से माजिवाड़ा रोड के बीच निगरानी रखी और संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली। तलाशी में “रॉयल ब्लू माल्ट व्हिस्की” (180 मिली) की सीलबंद बोतलें बरामद हुईं। कार्रवाई के दौरान कुल 1,450 बॉक्स शराब जब्त की गई। इस कार्रवाई में शराब के साथ कंटेनर समेत कुल 1 करोड़ 65 लाख 11 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया गया और परिवहन कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में वाहन चालक पर्गत सिंह कर्तार सिंह और उसका साथी अमरीतबीर सिंह हरप्रीत सिंह शामिल हैं। खास बात ये है कि आरोपियों ने शराब की तस्करी के लिए नकली दवा परिवहन के बिल (इनवॉइस) तैयार किए थे। ठाणे के राज्य उत्पाद शुल्क अधीक्षक प्रवीण तांबे ने बताया कि पिछले डेढ़ साल में विभाग ने 15 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध शराब जब्त की है। फिलहाल, इस मामले में आगे की जांच जारी है और तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। स्वेता/संतोष झा- ०६ मई/२०२६/ईएमएस