बालोद (ईएमएस)। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने कथित रूप से रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह मामला चोरहापड़ाव रेलवे ट्रैक का है, जहां बुधवार सुबह दोनों के शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किए गए। सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। मृतकों में एक युवक की पहचान 20 वर्षीय जितेश्वर तारम निवासी कुम्हालोरी गांव के रूप में हुई है, जबकि दूसरी मृतका 16 वर्षीय लिलिसा उइके निवासी साल्हे गांव (डौंडी विकासखंड) बताई जा रही है। घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद की गई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों उसी से मौके पर पहुंचे थे। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है कि आखिर दोनों ने यह कदम क्यों उठाया। परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। - (ईएमएस) 06 मई 2026