—पटेलवाड़ी क्षेत्र में आरोपियों के अवैध मकानों पर चला बुलडोजर, मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी। सारंगपुर (ईएमएस)। गौवंश वध के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। मामला उजागर होने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा आरोपियों के अवैध निर्माण हटाने की मांग की गई थी। इसके पश्चात नगरपालिका द्वारा अवैध निर्माण की रिपोर्ट तैयार की गई, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। बुधवार को तहसीलदार आकाश शर्मा के नेतृत्व में नगरपालिका और पुलिस की संयुक्त टीम पटेलवाड़ी क्षेत्र पहुंची, जहां फरार आरोपी आमीन और जफर उर्फ भईयू के मकानों को बुलडोजर से गिरा दिया गया। इस दौरान एसडीएम रोहित बम्होरे, एसडीओपी अरविंद सिंह, तहसीलदार आकाश शर्मा, थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी, पचोर थाना प्रभारी शकुन्तला बामनिया, सीएमओ दीपक रानवे सहित प्रशासनिक एवं नगरपालिका अमला मौजूद रहा। ज्ञात हो कि 3 मई को नगर में गौवंश वध का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। घटनास्थल से गौवंश के अवशेष, धारदार हथियार (छुरी, बक्का, कुल्हाड़ी, फावड़ा) एवं एक मोटरसाइकिल (होंडा सीबी 100) जब्त की गई थी। जब्त सामग्री को सीलबंद कर आरोपियों के विरुद्ध म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 9 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय द्वारा जेल भेजा जा चुका है। पुलिस द्वारा अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी के अनुसार, अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हाल ही में एक और आरोपी को पकड़ा गया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। -क्या था मामला 3 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अकोदिया नाका क्षेत्र के पास एक सुनसान खेत में कुछ लोग गौवंश वध कर उसके अवशेष बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पटेलवाड़ी के पीछे जंगल क्षेत्र में दबिश दी, जहां से गौवंश के अवशेष बरामद किए गए। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भागने लगे। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम जाकिर (40 वर्ष), निवासी बाहरी वाड़ा, मुकेर वाड़ी, सारंगपुर बताया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के रूप में आमीन (निवासी पटेलवाड़ी) एवं जाकिर (निवासी कंजर मोहल्ला, देवास) के नाम बताए। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने मेहबूब उर्फ लंगड़ा एवं जफर उर्फ भईयू (दोनों निवासी बड़ा कसाई बाड़ा, सारंगपुर) को भी गिरफ्तार कर प्रकरण में शामिल किया। नरेन्द्र जैन/ईएमएस/06/05/2026