- पुलिस को नहीं दी सूचना, यूनिवर्सिटी प्रशासन की भूमिका पर संदेह बिलासपुर (ईएमएस)। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में एक ही दिन में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना में विश्वविद्यालय के दो ड्राइवरों के बीच मजाक विवाद में बदल गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान एक ड्राइवर ने दूसरे पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां करीब 14 टांके लगाए गए। दूसरी घटना परिसर में आयोजित कल्चरल फेस्ट के दौरान हुई, जहां कॉमर्स विभाग के एक छात्र ने वॉलंटियर से जबरन माइक छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर छात्र से मारपीट की, जिससे उसकी नाक में चोट आई। हालांकि बाद में छात्रों ने मामला आपसी समझौते से शांत कर लिया। - सडक़ पर भी भीड़ गए छात्र तीसरी घटना कार्यक्रम के बाद सामने आई, जब मुख्य सडक़ पर दो छात्राओं के बीच विवाद ने झड़प का रूप ले लिया, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनाओं के दौरान प्रशासनिक अधिकारी समय पर हस्तक्षेप नहीं कर सके। वहीं कुलपति प्रो एलपी पटेरिया से जुड़े कथित संबंधों को लेकर भी चर्चा तेज है। ऐसे में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है। - 06 मई 2026