वाराणसी (ईएमएस)। यूपी के वाराणसी में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। आरोपियों ने पत्थरों से सिर और चेहरा कुचलकर वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में हंगामा मच गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पीड़ित परिवार मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। वहीं, सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश करते हुए सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल इलाके में तनाव देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। दरअसल, मामला सिंधोरा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि युवक बारात से लौट रहा था। उसी समय आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और हमला बोल दिया और पत्थर से युवक का सिर और चेहरा कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे बाद आरोपी शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो तत्काल पुलिस को जानकारी दी। आस-पास के लोगों ने युवक की पहचान रोहित राजभर (25) के रूप में की। वह चंदवक थाना क्षेत्र का रहने वाला था और इस समय अपने ननिहाल कस्तमपुरा, सारनाथ में रह रहा था। परिजनों का आरोप है कि रोहित मंगलवार को एक बारात में गया था, जहां उसका किसी से विवाद हो गया था। जब वहां से रात में वह वापस लौट रहा था, तभी बसंतपुर, चकदुल्ला के पास कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई और मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई किशन राजभर ने थाने में शिकायत दर्ज करा दी है। जितेन्द्र 06 मई 2026