:: कलेक्टर ने प्रगणकों की कर्मठता को सराहा; पैरों में रॉड होने के बावजूद घर-घर पहुँचीं निर्मला शर्मा, बद्रीलाल ने भी पेश की मिसाल :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में राष्ट्रीय महत्व के अभियान जनगणना 2026 के प्रथम चरण के दौरान कर्तव्यनिष्ठा और अडिग हौसले की दो अनूठी मिसालें सामने आई हैं। प्रगणक श्रीमती निर्मला शर्मा और बद्रीलाल तरोला ने अपने समर्पण और लगनशीलता से न केवल निर्धारित समय से पहले कार्य पूर्ण किया, बल्कि अन्य प्रगणकों के लिए प्रेरणास्रोत भी बने। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में इन दोनों कर्मठ प्रगणकों को माल्यार्पण व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं जनगणना प्रभारी नवजीवन विजय पवार भी उपस्थित थे। कैलोद हाला क्षेत्र की प्रगणक श्रीमती निर्मला शर्मा की कहानी विशेष रूप से प्रेरणादायी है। उनके दोनों पैरों में रॉड डली होने के कारण चलना-फिरना अत्यंत कष्टकारी था, किंतु शारीरिक चुनौती उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति के आगे बौनी साबित हुई। उन्होंने मात्र 6 दिनों के भीतर अपने हिस्से के 120 मकानों की गणना का दायित्व पूर्ण निष्ठा के साथ पूरा किया। भावुक होते हुए श्रीमती शर्मा ने कहा कि कलेक्टर द्वारा मिला यह उनके जीवन का पहला सम्मान है, जो उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने संदेश दिया कि राष्ट्रीय कार्यों में परिस्थितियों का रोना रोने के बजाय समर्पण के साथ योगदान देना चाहिए। :: अतिरिक्त ब्लॉकों का भी संभाला जिम्मा :: एक अन्य प्रगणक बद्रीलाल तरोला ने भी कार्य के प्रति अनूठी सक्रियता दिखाई। उन्हें आवंटित एक ब्लॉक का कार्य चंद दिनों में ही पूरा हो गया था, किंतु उन्होंने रुकने के बजाय स्वयं आगे आकर अन्य तीन ब्लॉकों की गणना का उत्तरदायित्व भी अपने कंधों पर लिया। श्री तरोला ने मात्र एक सप्ताह में यह अतिरिक्त कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न कर दिया। उनका मानना है कि यदि मन में ईमानदारी और काम के प्रति लगन हो, तो कोई भी चुनौती कठिन नहीं होती। :: अन्य प्रगणकों के लिए प्रेरणास्रोत :: सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा ने दोनों प्रगणकों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे वृहद और महत्वपूर्ण अभियान में इस प्रकार का व्यक्तिगत समर्पण सराहनीय है। प्रशासन ने अपील की है कि जिले के अन्य प्रगणक भी इसी सेवा भावना और ऊर्जा के साथ कार्य करें, ताकि इंदौर जिला इस राष्ट्रीय कार्य को समयबद्ध और त्रुटिहीन तरीके से पूर्ण कर सके। प्रकाश/06 मई 2026