बालाघाट (ईएमएस). जबलपुर के बरगी डैम में हुई दर्दनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासनिक लापरवाही के आरोपों के बीच 9 लोगों की मौत के बाद शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में बुधवार को बालाघाट में यूथ कांग्रेस द्वारा शहर के हनुमान चौक स्थित गांधी प्रतिमा हनुमान चौक के समक्ष मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने मोमबत्तियां जलाकर और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान वक्ताओं ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते, तो शायद इतनी बड़ी जनहानि टाली जा सकती थी। यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। भानेश साकुरे / 06 मई 2026