क्षेत्रीय
06-May-2026


नयागढ़ (ईएमएस)। ओडिशा के नयागढ़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने कुछ समय के लिए सभी की सांसें थाम दीं। कनिपड़ा जंगल में शहद निकालने गए एक नाबालिग लड़के, शिवा प्रधान का सिर पत्थर की संकरी दरार में बुरी तरह फंस गया। यह घटना बुधवार की है, जब शिवा अपने चाचा के साथ जंगल में शहद लेने गया था।जंगल के बीच एक चट्टान की दरार में मधुमक्खियों का छत्ता देखकर दोनों ने शहद निकालना शुरू किया। ज्यादातर शहद निकाल लिया गया था, लेकिन थोड़ा हिस्सा अंदर रह गया, जहां हाथ नहीं पहुंच पा रहा था। उसी लालच में शिवा ने अपना सिर दरार के अंदर डाल दिया। दुर्भाग्यवश, उसका सिर इतनी मजबूती से फंस गया कि वह खुद को बाहर नहीं निकाल सका। शिवा के चाचा ने पहले खुद उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर उन्होंने गांव वालों और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग और पुलिस को बुलाया गया। ओडगांव और नयागढ़ से पहुंची दमकल की टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव अभियान आसान नहीं था। शिवा के पास ही एक जहरीला सांप भी मौजूद था, जिससे खतरा और बढ़ गया था। टीम ने बेहद सतर्कता के साथ पहले बच्चे को शांत रखा और उसका हौसला बढ़ाया। इसके बाद आधुनिक उपकरणों की मदद से पत्थरों को धीरे-धीरे काटकर और दरार को चौड़ा कर रास्ता बनाया गया। करीब 8 घंटे तक चले इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन के बाद आखिरकार शिवा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना ने जहां सभी को दहला दिया, वहीं राहत की बात यह रही कि समय पर किए गए प्रयासों से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। ईएमएस / 02 मई 2026