बालाघाट (ईएमएस). विकासखंड बालाघाट अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत नवेगांव से देवगांव मार्ग पर ग्राम लिंगा में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल के कार्य का 6 मई को एसडीएम गोपाल सोनी द्वारा निरीक्षण किया गया। पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का कार्य प्रगति पर है, जहां घनी आबादी वाले क्षेत्र में कुछ स्थानों पर अतिक्रमण की स्थिति सामने आई है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सोनी ने संबंधित क्षेत्र के ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी। उन्होंने कहा कि यह कार्य शासन की महत्वपूर्ण योजना के अंतर्गत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा और विकास को गति मिलेगी। इसलिए सभी ग्रामीण सहयोग करें, ताकि निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जा सके। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की महाप्रबंधक माया मनीष परते, उपयंत्री रामनरेश यादव, पटवारी ग्राम लिंगा, ग्राम पंचायत के पंच भोलानाथ वामनकर, पूर्व सरपंच तुलसीराम कावरे, सहायक सचिव नरेश छिपकर सहित शांतिलाल दोनकर, आरिफ कुरेशी, सुका जी कावरे, आकाश शुक्ला, संतोष बढ़ई एवं अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 06 मई 2026