क्षेत्रीय
06-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने सरकार गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है। नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संगठन स्तर पर बैठकों का दौर शुरू होने जा रहा है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 8 मई को दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचेंगे। इस दौरान वह आरएसएस नेतृत्व और भाजपा की कोर टीम के साथ अहम रणनीतिक बैठकों में हिस्सा लेंगे। पार्टी ने उन्हें पश्चिम बंगाल के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जबकि मोहन चरन मांझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। अमित शाह 8 मई की सुबह करीब 10 बजे कोलकाता पहुंचेंगे, जिसके बाद न्यूटाउन स्थित एक होटल में दिनभर बैठकों का सिलसिला चलेगा। इन बैठकों में राज्य के संगठनात्मक नेतृत्व और संघ पदाधिकारियों के साथ सरकार गठन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही भाजपा की कोर टीम के साथ भी मंथन किया जाएगा, जिसमें सत्ता गठन के रोडमैप को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसी दिन दोपहर करीब 2 बजे भाजपा विधायक दल की अहम बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में नव निर्वाचित विधायक अपने नेता का चुनाव करेंगे और मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। इसके साथ ही शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 मई की सुबह कोलकाता पहुंच सकते हैं और इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे। चुनाव प्रचार के दौरान अमित शाह की भूमिका बेहद अहम रही। उन्हें भाजपा का मुख्य रणनीतिकार और समकालीन राजनीति का ‘चाणक्य’ भी कहा जाता है। ‘परिवर्तन यात्रा’ से लेकर 27 अप्रैल तक उन्होंने लगातार रैलियां, रोड शो और जनसभाएं कर पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार किया और ममता बनर्जी सरकार पर तीखे हमले किए। ईएमएस / ०६ मई 2026