कोरबा (ईएमएस) भारतीय डाक विभाग के संभाग ने डाक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं तेज बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। इस नई व्यवस्था के तहत बिलासपुर आरएमएस से लोरमी, जांजगीर, मरवाही और बैमा क्षेत्रों तक उप डाकघर मार्गों पर नियमित और तेज परिवहन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों तक डाक सेवाओं की पहुंच और बेहतर होगी। डाक विभाग की नई आरटीएन सेवा के माध्यम से चकरभाटा, बिल्हा, पथरिया, तखतपुर, मुंगेली, मस्तूरी, जयरामनगर, गोपालनगर, नरियरा, पामगढ़, सक्ती, बेलतरा, पेंड्रारोड, मरवाही, कोनी, रतनपुर, कटघोरा, बाल्को नगर और भैसमा जैसे कई क्षेत्रों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे पत्र, पार्सल और स्पीड पोस्ट की डिलीवरी पहले से अधिक तेज और समयबद्ध होगी। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। ई-कॉमर्स और स्थानीय व्यापारियों को पार्सल सेवाओं में अधिक सुविधा और विश्वसनीयता मिलेगी। निगरानी और संचालन अधिक प्रभावी होने से शिकायतों में कमी आएगी। मेल ट्रांसमिशन में देरी कम होगी, जिससे ग्राहकों को त्वरित सेवा मिलेगी। डाक विभाग ने संकेत दिया है कि जल्द ही चांपा और डब्ल्लूसीएल गेवरा मार्ग पर भी आरटीएन सेवा शुरू की जाएगी। 07 मई / मित्तल