07-May-2026


कोरबा (ईएमएस) कोरबा शहर में पावर हाउस रोड के बाद घंटाघर-निहारिका क्षेत्र प्रमुख कारोबारी क्षेत्र है। यहां सुबह से रात तक खरीदारी के साथ ही उद्यान, घंटाघर मैदान व चौपाटी में घुमने के लिए लोग पहुंचते हैं। घंटाघर से लेकर निहारिका के बीच सड़क किनारे और निर्धारित पार्किंग में फल दुकानें सजने के कारण लोगों को वाहन खड़ा करने में मशक्कत करनी पड़ती है। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना रहता है। फल मार्केट बनने से मेन रोड चौड़ा होगा और पार्किंग भी खाली हो जाएगी। शहर के घंटाघर क्षेत्र को जाम और अव्यवस्था से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम की योजना आगे बढ़ रही है। पहले चरण में क्षेत्र में सड़क किनारे व फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लगाई गई गुमटियों को बुधवारी बाजार के पास वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया गया है। अब घंटाघर चौक से लेकर सुभाष चौक तक सड़कों के किनारे और पार्किंग पर कब्जा जमाए फल विक्रेताओं को हटाया जाएगा। इनके लिए अब सुभाष चौक के पास फल उद्यान में दुकानें बनाई जाएंगी। वेंडिंग जोन की तर्ज पर एक ही जगह पर सुव्यवस्थित दुकानें बनाकर फल विक्रेताओं को दी जाएंगी। इससे सड़क किनारे अतिक्रमण हटने के साथ पार्किंग स्थल खाली हो जाएंगे। वहीं दूसरी ओर फल उद्यान में दुकान बनने से विक्रेताओं को भी सुविधा होगी। उन्हें धूप और बरसात से राहत मिलेगी और व्यापार के लिए एक स्थाई ठिकाना मिल जाएगा। नगर निगम की ओर से पहले ही फल दुकानदारों का सर्वे करा लिया गया है। 07 मई / मित्तल