07-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) सरकार द्वारा कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई बेतहाशा वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) इंदौर इकाई द्वारा मालवा मिल चौराहे पर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। आप के जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा, गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इसका असर छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा। प्रदेश उपाध्यक्ष कमल गुप्ता ने आरोप लगाया, केंद्र सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है, जबकि आम जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है। बाहर से पढ़ाई करने आए छात्र-छात्राओं को सीमित संसाधनों में अपना खर्च चलाना पड़ता है, ऐसे में गैस की कीमत बढ़ने से परेशानियां और बढ़ेंगी। आनंद पुरोहित/ 07 मई 2026