- सिर्फ 10 लाख रुपए निवेश पर मिलेगा 4.49 लाख रुपए ब्याज पक्का मुंबई (ईएमएस)। अपनी गाढ़ी कमाई पर सुरक्षित और आकर्षक रिटर्न पाने के इच्छुक निवेशकों के लिए पोस्ट ऑफिस की नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (एसएससी) स्कीम एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरी है। सरकार समर्थित होने के कारण इसमें निवेश पूरी तरह सुरक्षित माना जाता है, वहीं मौजूदा 7.7 फीसदी सालाना ब्याज दर बैंकों की एफडी से काफी बेहतर है। यह योजना निवेशकों को न केवल चक्रवृद्धि ब्याज का लाभ देती है, बल्कि आयकर की धारा 80सी के तहत टैक्स बचत का मौका भी प्रदान करती है। एनएससी में निवेश करने पर फिलहाल 7.7 प्रतिशत का सालाना ब्याज मिलता है, जो चक्रवृद्धि ब्याज के रूप में जुड़ता है। इस स्कीम का पूरा लाभ लेने के लिए 5 साल की लॉक-इन अवधि तक निवेश बनाए रखना जरूरी है। यह योजना महज 1000 रुपये से शुरू की जा सकती है और निवेश की कोई अधिकतम सीमा तय नहीं है। बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए भी उनके नाम पर यह खाता खोला जा सकता है, जिसे माता-पिता द्वारा संचालित किया जा सकता है। टैक्स बचाने के लिहाज से भी एनएससी फायदेमंद है। आयकर अधिनियम की धारा 80सी के तहत निवेशक सालाना 1.5 लाख रुपये तक के निवेश पर टैक्स छूट का दावा कर सकते हैं। रिटर्न की बात करें तो, अगर आप इसमें 10 लाख रुपये का एकमुश्त निवेश करते हैं, तो 7.7 प्रतिशत की दर से 5 साल बाद यह राशि बढ़कर करीब 14.49 लाख रुपये हो जाती है। इसमें लगभग 4.49 लाख रुपये सिर्फ ब्याज से प्राप्त होते हैं, जो बिना किसी जोखिम के एक मजबूत रिटर्न है। हालांकि, इस योजना में निवेश करते समय एक महत्वपूर्ण बात का ध्यान रखना आवश्यक है। यदि निवेशक मैच्योरिटी से पहले अपना खाता बंद करता है, तो उसे नुकसान उठाना पड़ सकता है। नियमों के अनुसार एक साल बाद भी यदि खाता बंद किया जाता है, तो केवल मूल जमा राशि ही वापस मिलती है, और उस पर अर्जित ब्याज का कोई लाभ नहीं दिया जाता। इसलिए, योजना का पूरा फायदा उठाने के लिए पूरे 5 साल की अवधि तक निवेश बनाए रखना ही सबसे उचित है। सतीश मोरे/07मई ---