व्यापार
07-May-2026


- कंपनी ने सेबी के समक्ष अद्यतन मसौदा दस्तावेज दाखिल किए नई दिल्ली (ईएमएस)। गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) इनक्रेड होल्डिंग्स ने पूंजी बाजार नियामक सेबी के समक्ष अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए अद्यतन मसौदा दस्तावेज दाखिल कर दिए हैं। कंपनी इस निर्गम के जरिए लगभग 3,000-4,000 करोड़ रुपये जुटाने और 15,000 करोड़ रुपये का मूल्यांकन हासिल करने का लक्ष्य बना रही है। इस प्रस्तावित आईपीओ में 1,250 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 9.9 करोड़ शेयरों तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल होगी। नए निर्गम से प्राप्त राशि मुख्य रूप से कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी, इनक्रेड फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (आईएफएसएल) के टियर-1 पूंजी आधार को मजबूत करने, ऋण गतिविधियों का समर्थन करने और पूंजी पर्याप्तता में सुधार के लिए डाली जाएगी। 2017 में स्थापित इनक्रेड होल्डिंग्स, आरबीआई-पंजीकृत एनबीएफसी आईएफएसएल के माध्यम से परिचालन करती है। कंपनी ने नवंबर में गोपनीय रूप से आईपीओ के दस्तावेज दाखिल किए थे और सार्वजनिक निर्गम लाने के लिए नियामक की मंजूरी भी प्राप्त कर ली है। सूत्रों के अनुसार, कंपनी अब उचित समय पर बाजार में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। सतीश मोरे/07मई ---