- कंपनी ने लाभ में वापसी दर्ज की, आरबीआई कार्रवाई का कंपनी पर कोई प्रभाव नहीं नई दिल्ली (ईएमएस)। वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस, जिसके पास लोकप्रिय भुगतान ब्रांड पेटीएम का स्वामित्व है, ने गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) लाइसेंस के लिए आवेदन करने की योजना से इनकार किया है। कंपनी ने अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए साझेदारी मॉडल पर जोर दिया है, जहां वह वितरण, प्रौद्योगिकी और वसूली का काम संभालेगी, जबकि प्रतिष्ठित ऋण साझेदार पूंजी और जोखिम का प्रबंधन करेंगे। यह घोषणा भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (पीपीबीएल) के खिलाफ हालिया कार्रवाई के संदर्भ में महत्वपूर्ण है, जिसमें नियामक मानदंडों के अनुपालन में विफलता का हवाला दिया गया था। हालांकि, वन97 कम्युनिकेशंस ने स्पष्ट किया है कि पीपीबीएल पर आरबीआई की कार्रवाई का कंपनी पर कोई वित्तीय या व्यावसायिक प्रभाव नहीं पड़ेगा, और उसकी सभी सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। कंपनी ने अपनी जनवरी-मार्च तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन भी दर्ज किया है, जिसमें 183 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है। पिछले साल की इसी अवधि में 545 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। पेटीएम ने भारत में भुगतान के बढ़ते बाजार को एक बड़ा अवसर बताया है, जिसमें उसकी बाजार हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है। सतीश मोरे/07मई ---