07-May-2026


-11 मिनट में पुलिस पहुंची घर, छात्र के हाथ में कीटनाशक की बोतल और रस्सी मिली आगरा,(ईएमएस)। प्रेमिका से ब्रेकअप होने पर 17 साल के छात्र ने सुसाइड नोट लिखकर इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड किया। मेटा अलर्ट के बाद डीजीपी मुख्यालय से मिली सूचना पर पुलिस ने 11 मिनट में पहुंचकर छात्र जान देने से बचा लिया। पुलिस ने छात्र की काउंसलिंग कराने के बाद परिजनों को भी सतर्क किया। जानकारी के मुताबिक घटना रविवार रात 1.49 बजे की है। मेटा ने डीजीपी मुख्यालय को ईमेल से अलर्ट किया। इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड कर छात्र ने भावुक होकर अपनी मां से माफी मांगते हुए आत्महत्या करने की बात कही। जानकारी के मुताबिक अलर्ट मिलते ही उच्चाधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और मोबाइल नंबर के आधार पर छात्र की लोकेशन ट्रेस कर आगरा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर जैतपुर पुलिस 11 मिनट में छात्र के घर पहुंच गई। पुलिस ने स्वजन को जानकारी देकर तुरंत कमरे में प्रवेश किया। छात्र के हाथ में कीटनाशक की बोतल और पास में रस्सी मिली। पुलिस ने छात्र को सुरक्षित बचा लिया। छात्र ने बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ता है। फेसबुक से उसकी एक युवती से दोस्ती हुई थी। यह बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। हाल ही में हुए विवाद के चलते युवती ने उससे संबंध खत्म कर लिए। इससे वह मानसिक तनाव और अवसाद में था। सिराज/ईएमएस 07मई26