07-May-2026


* कई जिलों में बेमौसम बारिश के आसार, 9 मई के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी और हीटवेव का खतरा अहमदाबाद (ईएमएस)| राजस्थान के ऊपर बने अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब गुजरात में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। बीते दो दिनों से राज्य के कई हिस्सों में गर्मी के मौसम के बीच बारिश जैसा माहौल बना हुआ है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से तापमान बढ़ने और हीटवेव की चेतावनी दी है। बुधवार 6 मई को भी गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र, खासकर गिर पंथक समेत कई इलाकों में हल्की और छिटपुट बारिश दर्ज की गई। कई शहरों में दिनभर बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहा। मई महीने की तपती गर्मी के बीच अचानक बदले इस मौसम ने लोगों को चौंका दिया है। कई जगहों पर वातावरण बिल्कुल मानसून जैसा महसूस किया गया। हालांकि, मौसम में नरमी के बावजूद राज्य के कई जिलों में गर्मी का असर पूरी तरह कम नहीं हुआ है। गुजरात के आठ जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। राजकोट राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अहमदाबाद में पारा 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार 7 मई को गुजरात के छह जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। जिन जिलों में बारिश का अनुमान जताया गया है उनमें राजकोट, मोरबी, बोटाद, अमरेली, भावनगर और कच्छ शामिल हैं। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मौसम में हल्की राहत बनी रह सकती है, लेकिन उसके बाद तापमान में फिर तेजी से बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 9 मई से 12 मई के बीच गुजरात के कई हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि बदले हुए मौसम के कारण वातावरण में नमी बढ़ रही है, जिससे उमस और गर्मी दोनों का असर देखने को मिल सकता है। दूसरी ओर, मौसम के इस दोहरे प्रभाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। कभी तेज गर्मी तो कभी बारिश और ठंडी हवाओं के कारण वायरल संक्रमण, सर्दी-खांसी और बुखार जैसी मौसमी बीमारियों के मामले बढ़ने लगे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने, पर्याप्त पानी पीने और बदलते मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। फिलहाल गुजरात में मौसम लगातार करवट ले रहा है और लोगों की नजरें अब मौसम विभाग की अगली चेतावनियों पर टिकी हुई हैं। सतीश/07 मई