07-May-2026


-पुलिस ने की आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल और नकदी बरामद, हॉल किया सील टिकारी,(ईएमएस)। गयाजी के टिकारी प्रखण्ड कार्यालय के पीछे प्रकाश उत्सव मैरेज हॉल में छापेमारी कर पुलिस ने अनैतिक कार्य का गुरुवार को भंडाफोड़ किया। पुलिस ने देह व्यापार में संलिप्त 6 महिला और पांच युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। हॉल के संचालक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। छापेमारी के बाद मैरेज हॉल को सील कर दिया है। मामले में गुप्त सूचना के आधार पर एसडीएम और एसडीपीओ के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन कर मैरेज हाल पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। इस क्रम में जैसे ही पुलिस की टीम हॉल के अंदर पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक छापेमारी में अलग-अलग कमरों से 6 महिलाएं और 5 युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। पकड़े गए युवक व महिला आसपास के इलाकों के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मैरेज हाल के संचालक और एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि वे मोटे मुनाफे के लालच में इस अनैतिक धंधे को सुनियोजित तरीके से चला रहे थे। पुलिस पूछताछ में बताया कि पैसों का लालच देकर महिलाओं को देह व्यापार के लिए बुलाया जाता था। पुलिस ने एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। एसडीपीओ ने बताया कि लगातार सूचना मिल रही थी कि हॉल में अनैतिक कार्य का धंधा चल रहा है। संचालक समेत सभी के विरुद्ध विधि संगत कार्रवाई की जा रही है। मैरेज हाल को सील कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपितों के मोबाइल कॉल का रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के मास्टरमाइंड को पकड़ा जा सके। सिराज/ईएमएस 07मई26